श्रीकांत दास / विशाल विचार

बरहरवा (साहिबगंज),बरहरवा आरपीएफ की तत्परता और सजगता से दो नाबालिग लड़की सुरक्षित बरामद की गईं। मानव तस्करी एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान आरपीएफ टीम ने दोनों को संदेहास्पद अवस्था में पाया।रात लगभग 21:30 बजे, आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार हमराह कांस्टेबल अजय कुमार एवं कांस्टेबल ए.डी. चौधरी के साथ बरहरवा रेलवे स्टेशन परिसर में जांच कर रहे थे। इसी दौरान बुकिंग ऑफिस के समीप दो नाबालिग लड़कियाँ संदेहास्पद स्थिति में खड़ी दिखाई दीं। पूछताछ में दोनों घबरा गईं और असंगत उत्तर देने लगीं।बाद में एक ने अपनी उम्र 14 वर्ष एवं दूसरी ने 15 वर्ष बताई। दोनों थाना – पाकुड़िया, जिला – पाकुड़ की निवासी हैं तथा एक ही गाँव की रहने वाली बताई गईं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गाँव के कुछ युवक, जो गाजियाबाद में रहते हैं, उनसे प्रेम संबंध में हैं। उन्हीं से मिलने के उद्देश्य से दोनों बिना परिवार की जानकारी के घर से निकलकर बरहरवा स्टेशन पहुँची थीं और गाजियाबाद जाने की योजना बना रही थीं।दोनों के बयान एवं गतिविधियों पर संदेह होने के कारण उन्हें आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया। तत्पश्चात, घटना की सूचना बाल संरक्षण मंथन, बरहरवा साहिबगंज को दी गई। पूछताछ के दौरान परिजनों के संपर्क नंबर प्राप्त कर माता-पिता को भी सूचित किया गया।सभी कानूनी औपचारिकताएँ पूर्ण करने के उपरांत, दोनों नाबालिग लड़कियों को बाल संरक्षण मंथन की प्रतिनिधि अनुराधा मंडल को विधिवत सुपुर्द किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *