
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, साहिबगंज डॉ. रामदेव पासवान ने गुरुवार की रात्रि सदर अस्पताल, साहिबगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, SNCU (Special Newborn Care Unit) सहित अन्य महत्वपूर्ण इकाइयों का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के क्रम में डॉ. रामदेव पासवान ने इमरजेंसी वार्ड में उपस्थित चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति की जाँच की तथा उपलब्ध दवाइयों, चिकित्सीय उपकरणों एवं रोगियों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता का भी मूल्यांकन किया।इसके उपरांत उन्होंने SNCU वार्ड का निरीक्षण किया और भर्ती नवजात शिशुओं की स्थिति, उनकी देखभाल, ऑक्सीजन सपोर्ट सिस्टम एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की उपस्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि नवजातों की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा प्रत्येक शिशु को समय पर आवश्यक चिकित्सीय सुविधा प्रदान की जाए।डॉ. रामदेव पासवान ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और रिकॉर्ड संधारण में पारदर्शिता पर विशेष बल दिया। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी वार्डों में आवश्यक औषधियाँ, उपकरण एवं चिकित्सा कर्मी 24 घंटे उपलब्ध रहें, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।अंत में सिविल सर्जन डॉ रामदेव पासवान ने कहा कि “मरीजों की बेहतर सेवा ही चिकित्सा प्रणाली की सफलता का आधार है। सभी स्वास्थ्यकर्मी समर्पण और जिम्मेदारी की भावना से कार्य करें।”

