
श्रीकांत दास / विशाल विचार
बरहेट (साहिबगंज) झारखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार बरहेट प्रखंड के झिमोली गाँव में जलछाजन योजना अंतर्गत रजत जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जलछाजन रैली-सह-कलश यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं जलछाजन समितियों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।समारोह के दौरान झारखण्ड के गौरवशाली इतिहास एवं जलसंरक्षण के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। मौके पर जलछाजन गीत प्रस्तुत किया गया तथा उपस्थित जनसमूह को जलछाजन शपथ दिलाई गई, ताकि सभी लोग जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहें।इसके अंतर्गत सिमड़ा पंचायत के झिमोली गाँव स्थित अमृत सरोवर के मेढ़ पर पौधारोपण किया गया। ग्रामीण विकास विभाग, झारखण्ड राँची से आए पदाधिकारियों के साथ जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला उद्यान पदाधिकारी, साहिबगंज के संयुक्त तत्वावधान में 30 आम के पौधे लगाए गए।इस अवसर पर जलछाजन रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।कार्यक्रम में ग्रामीण विकास विभाग, झारखण्ड राँची से आए पवन कुमार ने कहा कि जलछाजन योजना न केवल जल संरक्षण का माध्यम है बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में भी महत्त्वपूर्ण कदम है।जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का ने अमृत सरोवरों एवं तालाबों के रखरखाव की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इन जलाशयों के चारों ओर खेती को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन ने किसानों को फलदार वृक्षों एवं सब्जी उत्पादन को प्रोत्साहित करने की अपील की।समारोह में नीति आयोग के फेलो मनीष कुमार, जिला तकनीकी विशेषज्ञ (जलछाजन) मो० महफूज आलम, बरहेट प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी, उप प्रमुख, जलछाजन समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव, मो० आरिफ, मो० मेराज सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।अंत में सभी पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने यह संकल्प लिया कि जलछाजन योजना के माध्यम से प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण के लक्ष्य को साकार किया जाएगा।
