
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर रन फॉर झारखंड कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने हेतु शनिवार जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधीक्षक सह जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने की।पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड, रांची के निर्देश के आलोक में यह आयोजन झारखंड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 11 नवम्बर 2025 को जिला मुख्यालय साहिबगंज में प्रातः 7:00 बजे साक्षरता चौक से सिदो-कान्हू स्टेडियम तक रन फॉर झारखंड का आयोजन होगा। इसमें महिला एवं पुरुष वर्ग के लिए अलग-अलग श्रेणियों में दौड़ आयोजित की जाएगी।बैठक में कार्यक्रम की सफलता हेतु विभिन्न उप-समितियों का गठन किया गया तथा सदस्यों को उनके-अपने कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह भी निर्णय लिया गया कि रन फॉर झारखंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।कार्यक्रम में जिले के पदाधिकारियों, कर्मियों, विद्यार्थियों, युवाओं, खेल संघों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनएसएस, एनसीसी एवं एनवाईके के स्वयंसेवकों के साथ-साथ आम नागरिकों से अधिक से अधिक भागीदारी का आह्वान किया गया।रन फॉर झारखंड की दौड़ साक्षरता चौक से प्रारंभ होकर नेताजी सुभाष चौक, पुलिस लाइन, समाहरणालय रोड, गंगा बिहार पार्क होते हुए सिदो-कान्हू स्टेडियम में समाप्त होगी, जहां विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।बैठक में जिला खेल कार्यालय के गौतम झा, जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, जिला पर्यटन विशेषज्ञ गौरव प्रियदर्शी, प्रशिक्षक योगेश यादव सहित अन्य उपस्थित थे।कार्यक्रम से संबंधित विशेष जानकारी के लिए जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी से मोबाइल नंबर 8409393082 पर संपर्क किया जा सकता है।
