
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल साहिबगंज राजमहल मॉडल कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय एकता दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की।कार्यक्रम की शुरुआत भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। तत्पश्चात प्रथम सेमेस्टर की छात्रा प्रीति कुमारी ने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।कार्यक्रम के क्रम में छात्र अर्जुन कुमार ने सरदार पटेल द्वारा देश की रियासतों के एकीकरण में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका पर अपने विचार रखे। छात्रा सिफा बतूल ने उनके जीवन पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की, वहीं छात्र मोहम्मद अशरफ ने “लौह पुरुष” और “सरदार” की उपाधियों के पीछे के कारणों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि “एकता ही राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। जब समाज के हर क्षेत्र में एकता स्थापित होती है, तभी समरसता और प्रगति संभव होती है।” उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।डॉ. सिंह ने सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि “उनका जीवन, त्याग और नेतृत्व हम सभी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।”कार्यक्रम के उपरांत NSS स्वयंसेवकों द्वारा एकता मार्च का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर से लेकर समीपवर्ती ग्राम रामपुरा तक मार्च निकाला और “एकता में शक्ति है”, “हम सब एक हैं”, “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसे नारों से लोगों में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रमजान अली ने किया। इस अवसर पर डॉ. अमित कुमार, डॉ. विवेक कुमार महतो, अजय सोनी, अंकिता सिंह सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान से हुआ, जिससे पूरे परिसर में देशभक्ति और एकता की भावना गूंज उठी।इस अवसर पर सैकड़ों NSS स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे जिन्होंने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखने का संकल्प लिया।पूरा कार्यक्रम देशभक्ति, समरसता और एकता के संदेश से ओतप्रोत रहा।

