उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में पर्यटन स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, जिला पर्यटन प्रोत्साहन समिति (DTPC) की कार्यकारिणी समिति की त्रैमासिक बैठक गुरुवार उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में सम्पन्न हुई।बैठक की शुरुआत में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की समीक्षा (Review) की गई तथा उनकी प्रगति रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों उधवा पक्षी अभयारण्य, ओझा टोली रिवरफ्रंट, बोंगा कोचा, बिन्दुवाशिनी मंदिर, शिवगादी एवं कन्हैया स्थान के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत संरचना विकास से संबंधित प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया।उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि “साहिबगंज जिला प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था दोनों का संगम है। इन स्थलों का सुनियोजित विकास कर जिले को पर्यटन मानचित्र पर नई ऊंचाई दी जा सकती है।”उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सूचना पट्ट एवं पहुंच मार्गों को सुदृढ़ किया जाए ताकि आगंतुकों को बेहतर अनुभव मिल सके।पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपायुक्त ने सोशल मीडिया एवं डिजिटल प्लेटफॉर्मों के माध्यम से प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि “सोशल मीडिया के जरिए जिले के दर्शनीय स्थलों की आकर्षक झलक देश-दुनिया तक पहुंचाई जाए, ताकि अधिकाधिक पर्यटक साहिबगंज आने के लिए प्रेरित हों।”बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
