
विशाल विचार अंकुर शुक्ल ‘विशाल’ घाटमपुर | क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। देर रात कानपुर-बांदा रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान घाटमपुर थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी 34 वर्षीय नीरू पुत्र रामजीवन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीरू किसी काम से घाटमपुर आया था। देर रात रामसारी रोड के पास रेलवे ट्रैक के आसपास वह मौजूद था, तभी अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पतारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
