
अंकुर शुक्ल ‘विशाल’
विशाल विचार कानपुर नगर। साढ़ थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने और एक साल के मासूम बेटे को जबरन छीन लेने का आरोप लगाया है। पीड़िता राखी, निवासी दलेलपुर (जनपद फतेहपुर), ने अपनी बहन के साथ थाने पहुँचकर प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
तहरीर के अनुसार राखी (बदला हुआ नाम ) की शादी साढ़ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गाँव निवासी अशोक से हुई थी, जो पेशे से बस चालक है। आरोप है कि पति शराब का आदी है और आए दिन गाली-गलौज व मारपीट करता है। बीती 11 अप्रैल को भी आरोपी ने उसके साथ मारपीट की थी।
पीड़िता का कहना है कि 17 अप्रैल की दोपहर आरोपी पति नशे की हालत में घर पहुँचा और विवाद के दौरान उसे बेरहमी से पीटा। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया और उसके दो वर्षीय बेटे को अपने पास रख लिया।
मामले में पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और बच्चे को वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।
