
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज समाहरणालय परिसर स्थित आजीविका दीदी कैफे में राजमहल विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने औचक निरीक्षण सह शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने कैफे का संचालन कर रही आजीविका दीदीयों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की।विधायक ने कहा कि झारखंड की लगभग आधी आबादी महिलाएं हैं और राज्य सरकार के सहयोग से आज महिलाएं आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बन रही हैं। आजीविका मिशन के माध्यम से दीदीयों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे न सिर्फ उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है, बल्कि समाज में महिलाओं की सशक्त भागीदारी भी सुनिश्चित हो रही है।उन्होंने कहा कि आजीविका दीदी कैफे जैसी पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त उदाहरण है, जहां महिलाएं अपने हुनर और मेहनत से आत्मनिर्भर बन रही हैं। विधायक ने दीदीयों को भविष्य में और बेहतर कार्य करने हेतु शुभकामनाएं दीं तथा हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।विधायक के कैफे पहुंचने पर वहां कार्यरत आजीविका दीदीयों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। कैफे की संचालक दीदीयों ने विधायक का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि जनप्रतिनिधियों का इस तरह का प्रोत्साहन उन्हें और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देता है।
