श्रीकांत दास / विशाल विचार

तालझारी साहिबगंज तालझारी प्रखंड के कल्याणी पंचायत अंतर्गत कलस्टर महाराजपुर ग्राम में SMAE/ATMA योजना के तहत 10 किसानों के बीच मटर बीज GS-10 का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला कृषि पदाधिकारी–सह–परियोजना निदेशक, आत्मा, साहिबगंज प्रमोद एक्का द्वारा किया गया।कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों को मटर की उन्नत खेती तकनीक की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खेत की तैयारी के समय गोबर खाद या वर्मी कम्पोस्ट 3–5 टन प्रति हेक्टेयर प्रयोग करना आवश्यक है।मटर की खेती में 20–25 किग्रा नाइट्रोजन, 50 किग्रा फास्फोरस तथा 25 किग्रा पोटाश प्रति हेक्टेयर उपयोग करना चाहिए।बीज का उपचार फफूंदनाशी और राइजोबियम कल्चर से करना आवश्यक है।पौधों की दूरी 15–20 से.मी. और पंक्तियों के बीच दूरी 30–45 से.मी. रखनी चाहिए।बीज की बुआई 3–4 से.मी. गहराई में करनी चाहिए।अधिक फलन के लिए सल्फर का उपयोग करने की विशेष सलाह दी गई।इस अवसर पर प्रखंड तकनीकी प्रबंधक राजीव कुमार सिन्हा ने किसानों को मिट्टी जांच की आवश्यकता और उसके लाभों के बारे में जानकारी दी और सभी किसानों से अपने खेतों की मिट्टी जांच कराने का आग्रह किया।जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों को कृषि विभाग एवं आत्मा द्वारा संचालित विभिन्न किसान हितकारी योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें विभाग से जुड़कर अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में स्थानीय किसान, कृषि कर्मी और अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *