सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन तैयार, 2026 से शुरू होगी स्वास्थ्य सेवाएं।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

उधवा (साहिबगंज)।उधवा प्रखंडवासियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जैसे ही 50 एकड़ भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, उधवा में नए मेडिकल कॉलेज के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। यह जानकारी विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नव-निर्मित भवन के निरीक्षण के दौरान दी।निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ अंचलाधिकारी जयंत कुमार तिवारी, अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे। इस अवसर पर मुख्य मार्ग से अस्पताल तक सीधा संपर्क पथ (एप्रोच रोड) बनाने को लेकर आपसी समन्वय एवं विचार-विमर्श किया गया।विधायक एमटी राजा ने कहा कि यदि 50 एकड़ भूमि उपलब्ध हो जाती है तो उधवा में मेडिकल कॉलेज का सपना शीघ्र साकार होगा। इसके लिए उन्होंने अंचलाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से न सिर्फ उधवा बल्कि पूरे साहिबगंज जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।उन्होंने बताया कि उधवा प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नए पदों का सृजन किया जा रहा है। इसके तहत चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता के अनुसार प्रतिनियुक्ति की जाएगी।अब उधवा को राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल से अलग करते हुए नया प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी भी मिल चुका है।विधायक ने बताया कि सड़क और बिजली की व्यवस्था पूर्ण होते ही वर्ष 2026 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को अपने ही प्रखंड में बेहतर एवं सुलभ इलाज मिल सकेगा।इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और सहयोग का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *