
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज। जिला परिवहन कार्यालय, साहिबगंज की ओर से टोटो चालकों के लिए पहचान पत्र (आई-कार्ड) वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने टोटो चालकों को औपचारिक रूप से आई-कार्ड प्रदान किए।इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने टोटो चालकों से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने, निर्धारित मार्गों पर ही वाहन चलाने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहचान पत्र मिलने से टोटो चालकों की पहचान सुनिश्चित होगी और अवैध संचालन पर रोक लगाने में भी प्रशासन को सुविधा होगी।कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य नीरज कुमार शाह एवं अनुज पराशर भी मौजूद रहे। सड़क सुरक्षा सदस्यों ने चालकों को हेलमेट, गति सीमा, ओवरलोडिंग से बचाव एवं सुरक्षित ड्राइविंग से संबंधित आवश्यक जानकारियां दीं।जिला परिवहन पदाधिकारी श्री चौधरी ने बताया कि टोटो चालकों को आई-कार्ड दिए जाने का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा आम जनता को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी चालकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में टोटो चालकों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
