इनपुट डीलर्स को मिलेगा कृषि विस्तार सेवाओं का विशेष प्रशिक्षण।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज संयुक्त जिला कृषि भवन परिसर स्थित आत्मा सभागार में रविवार को DAESI (Diploma in Agricultural Extension Services for Input Dealers) प्रशिक्षण कार्यक्रम के छठे बैच का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर की गई।इस प्रशिक्षण में दो श्रेणियों के प्रतिभागी शामिल हुए पहली श्रेणी में वे डीलर्स हैं जिनके पास पहले से खाद और बीज का लाइसेंस है,जबकि दूसरी श्रेणी में वे नए अभ्यर्थी हैं जो पहली बार लाइसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया में हैं।लाइसेंसधारी डीलर्स द्वारा ₹14,000 एवं नए अभ्यर्थियों द्वारा ₹28,000 की राशि झारखंड, रांची के नाम से बैंक ड्राफ्ट के माध्यम से जमा की गई है।यह प्रशिक्षण एक वर्ष की अवधि का होगा, जिसमें 40 सैद्धांतिक (थ्योरी) एवं 8 प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कक्षाएं प्रत्येक रविवार या अवकाश दिवसों में आत्मा सभागार, साहिबगंज में संचालित होंगी।

प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत MANAGE, हैदराबाद द्वारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। सफल प्रतिभागियों को डिप्लोमा प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जिसके बाद वे अपने क्षेत्र में खाद, बीज एवं कीटनाशक दवाओं की बिक्री के लिए अधिकृत होंगे।यह साहिबगंज जिले में DAESI प्रशिक्षण का छठा बैच है। इससे पूर्व पाँच बैचों में लगभग 200 डीलर्स ने प्रशिक्षण प्राप्त कर डिप्लोमा प्रमाणपत्र हासिल किया है और वर्तमान में सफलतापूर्वक अपना व्यवसाय संचालित कर रहे हैं।इस वर्ष के बैच में 36 पुरुष एवं 4 महिला डीलर्स ने भाग लिया।अपने संबोधन में जिला कृषि पदाधिकारी ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशिक्षित इनपुट डीलर्स तैयार करना है, जो किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने में सहयोग दें। प्रशिक्षण प्राप्त डीलर्स न केवल अपना व्यवसाय स्थापित कर सकेंगे, बल्कि किसानों को बीज, खाद एवं कीटनाशक के सही उपयोग और मात्रा के प्रति भी जागरूक करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम योग्यता मैट्रिक (10वीं पास) रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण युवा इसका लाभ उठा सकें।कार्यक्रम में प्रधान कृषि विज्ञान केंद्र, साहिबगंज की डॉ. सुप्रिया सिंह, जिला उद्यान पदाधिकारी अमितेश रंजन, जिला मत्स्य पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार बिन्हा, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण कुमार भोगता, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) मंटू कुमार, सेवानिवृत्त राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के अजय कुमार पुरी, तथा DAESI कोर्स फेसिलिटेटर कंचन कुमार सुमन एवं गायत्री कुमारी सहित सभी प्रशिक्षु डीलर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *