
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के निदेशानुसार सिद्धो–कान्हू सभागार, साहिबगंज में जिला स्तरीय एक दिवसीय रबी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त हेमंत सती द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद अध्यक्षा एवं उप विकास आयुक्त साहिबगंज उपस्थित रहे।उपायुक्त हेमंत सती ने कृषि एवं संबद्ध विभागों के पदाधिकारियों, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, बीटीएम/एटीएम तथा कृषक मित्रों को किसानों से सीधे जुड़कर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी प्रखण्डों में रबी कार्यशालाएँ आयोजित कर अधिक-से-अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा समय पर बीज वितरण पर विशेष बल दिया।उप विकास आयुक्त ने आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार अभियान के दौरान अधिकाधिक किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

उन्होंने धान की अच्छी उपज को देखते हुए धान अधिप्राप्ति के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर किसानों का शीघ्र निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जिला परिषद अध्यक्षा ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड, झारखंड राज्य मिलेट मिशन, सिंचाई सुविधा, सोलर पम्पसेट आदि योजनाओं का अधिकाधिक लाभ दिलाने हेतु विभागीय अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया।कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान-सह-वरीय वैज्ञानिक द्वारा बागवानी एवं सब्जी उत्पादन तकनीक, बीज उपचार, कीट-व्याधि प्रबंधन तथा रबी मौसम में समय से बोआई के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई।जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बिरसा फसल विस्तार योजना के चयनित संकुलों में शत-प्रतिशत अनुदान पर बीज वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पहाड़िया आदिम जनजाति के किसानों के बीच सरसों एवं मसूर बीज वितरण पर विशेष बल दिया।आत्मा, साहिबगंज द्वारा शून्य बजट प्राकृतिक खेती पर विशेष प्रस्तुति दी गई।इसके अलावा भूमि संरक्षण पदाधिकारी, अग्रणी बैंक प्रबंधक, नाबार्ड, जेएसएलपीएस, जिला सहकारिता पदाधिकारी एवं पशुपालन विभाग के विशेषज्ञों ने भी अपने-अपने विषय पर महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।कार्यशाला में जिले के सभी प्रखण्डों से प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, बीटीएम, एटीएम, जनसेवक, कृषक मित्र एवं प्रगतिशील किसानों सहित लगभग 221 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
