सरकार ने कहा जिला स्तर से प्रस्ताव भेजने की पहल होगी, सेंसेक्स सर्वे पूरा होते ही प्रक्रिया में तेजी।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
झारखंड विधानसभा। राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एम.टी. राजा ने झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में गैर-सरकारी संकल्प के तहत तीनपहाड़ को नया प्रखंड बनाने की मांग जोरदार तरीके से उठाई। उन्होंने कहा कि राजमहल प्रखंड का तीनपहाड़ पंचायत नए प्रखंड की सभी आवश्यक मानकों और अहर्त्ताओं को पूरा करता है। इस क्षेत्र के लोगों द्वारा कई वर्षों से लगातार प्रखंड का दर्जा दिए जाने की मांग की जा रही है।विधायक ने सदन को बताया कि तीनपहाड़ को प्रखंड का दर्जा मिल जाने से यहाँ के सामाजिक, आर्थिक, सामुदायिक, कृषि एवं ग्रामीण विकास में तेजी आएगी। साथ ही क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को भी कई समस्याओं से राहत मिलेगी। वर्तमान में तीनपहाड़ प्रशासनिक इकाई बतौर थाना पिछले आठ वर्षों से अधिक समय से कार्यरत है, जिससे इसकी प्रशासनिक क्षमता और जनसांख्यिकीय महत्व स्पष्ट होता है।उन्होंने बताया कि साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड से तीनपहाड़, बाबूपुर, दरला, पड़रिया पंचायत; उधवा प्रखंड से जोंका एवं सुतियारपाड़ा पंचायत; तथा तालझारी प्रखंड से बाकुडी, दुर्गापुर एवं वृंदावन पंचायतों को मिलाकर तीनपहाड़ को नया प्रखंड बनाया जा सकता है। यह संरचना क्षेत्रीय संतुलन और प्रशासनिक सुगमता को मजबूत करेगी।विधायक के प्रश्न का उत्तर देते हुए ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने सदन में कहा कि सरकार इस मामले पर गंभीरता से संज्ञान लेगी। जिला प्रशासन स्तर से प्रस्ताव तैयार कर राज्य सरकार को भेजने की पहल की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि सेंसेक्स सर्वेक्षण का कार्य पूरा होते ही प्रक्रिया को और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।विधानसभा में इस मुद्दे के प्रभावी ढंग से उठने के बाद तीनपहाड़ क्षेत्र में खुशी की लहर है। तीनपहाड़ क्षेत्रीय विकास संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने विधायक एम.टी. राजा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी मांग अब मजबूत दिशा में आगे बढ़ती दिख रही है।
