भू-विज्ञान, पृथ्वी उत्पत्ति और जीवाश्मों की मिली विस्तृत जानकारी।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल साहिबगंज।राजमहल प्रखंड अंतर्गत काज़ीगांव स्थित प्रूडेंट स्टडी सेंटर के छात्र-छात्राओं ने शैक्षणिक उद्देश्य से मंडरो फॉसिल पार्क का भ्रमण किया। यह शैक्षणिक भ्रमण शिक्षक प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें दर्जनों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।भ्रमण के दौरान फॉसिल पार्क के अनुभवी गाइड लक्ष्मण मुर्मू ने विद्यार्थियों को पार्क में संरक्षित विभिन्न जीवाश्मों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने पृथ्वी की उत्पत्ति, भूगर्भीय संरचना, ज्वालामुखीय गतिविधियाँ, जीवाश्म बनने की प्रक्रिया, उनकी आयु तथा वैज्ञानिक महत्व के बारे में सरल एवं रोचक ढंग से समझाया।छात्र-छात्राओं ने पार्क परिसर में स्थित म्यूजियम का भी अवलोकन किया, जहाँ पृथ्वी के विकास क्रम से संबंधित चलचित्र दिखाया गया। सभी विद्यार्थियों ने जानकारीपूर्ण सूचना पट्टों को ध्यानपूर्वक पढ़ते हुए भू-विज्ञान से जुड़ी नई जानकारियाँ प्राप्त कीं। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा।भू धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु किए जा रहे प्रयासों के लिए विद्यार्थियों ने विशेष रूप से डॉ. रणजीत कुमार सिंह की सराहना की। उनके प्रयासों से ही इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिल रहा है।यह शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम मॉडल कॉलेज, राजमहल परिसर से प्रारंभ हुआ, जो प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। इसके लिए सभी छात्र-छात्राओं ने उनका आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर छात्र-छात्राओं में अंशु, नितेश, ऋषि, सुमन, सुरभि, अंजना, कुणाल, हंसराज, सुमन सहित अन्य विद्यार्थी उपस्थित थे।यह भ्रमण न केवल शैक्षणिक दृष्टि से उपयोगी रहा, बल्कि विद्यार्थियों में प्रकृति, विज्ञान और भू-धरोहर के प्रति जागरूकता भी विकसित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *