अवैध मोटर जब्त, एक अवैध जल कनेक्शन पर जुर्माना अधिरोपित।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल साहिबगंज राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध जल कनेक्शन एवं अवैध रूप से मोटर पंप के उपयोग पर रोक लगाने को लेकर मंगलवार को विशेष जांच सह कार्रवाई अभियान चलाया गया। यह अभियान कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन के निर्देशानुसार पूर्व निर्धारित आदेश के आलोक में गठित जांच दल द्वारा संचालित किया गया।अभियान के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं स्थलों पर सघन जांच की गई। जांच के क्रम में जिन उपभोक्ताओं के परिसरों में अवैध रूप से जल मोटर का उपयोग पाया गया, उन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही एक अवैध जल कनेक्शन भी चिन्हित किया गया, जिस पर संबंधित उपभोक्ता के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित किया गया।इस विशेष जांच अभियान में गौतम कुमार दंडाधिकारी,जितेश कुमार चौधरी प्रभारी नगर प्रबंधक,बाबूजी हेमब्रम,सुश्री रवीना होरो कनीय अभियंता,नमन कुमार,सुजीत कुमार यादव राजस्व निरीक्षक सहित नगर पंचायत के अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने एवं शांतिपूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए महिला बल सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरे अभियान को विधिसम्मत एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न किया गया।इस संबंध में नगर पंचायत प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि अवैध रूप से जल का उपयोग करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी निरंतर एवं सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध जल कनेक्शन एवं मोटर के कारण नगर की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है, जिससे वैध उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।नगर पंचायत प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध जल कनेक्शन लेने से बचें तथा केवल नियमों के अनुरूप वैध जल कनेक्शन प्राप्त कर ही जल का उपयोग करें। प्रशासन ने नगर क्षेत्र में सुचारू, न्यायसंगत एवं सतत जलापूर्ति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम जनता से सहयोग की अपेक्षा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *