किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के प्रति किया गया जागरूक।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज जिले में आज से मिट्टी नमूना संग्रह हेतु जागरूकता–सह–नमूना संग्रह अभियान की शुरुआत की गई है, जो 14 नवम्बर तक चलेगा। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों के किसानों के खेतों से मिट्टी के नमूने एकत्र कर उनकी जांच कराई जा रही है, ताकि किसानों को मृदा की गुणवत्ता की सटीक जानकारी मिल सके और वे फसलों में उर्वरकों का संतुलित एवं वैज्ञानिक प्रयोग कर सकें।अभियान के प्रथम दिन साहिबगंज प्रखंड के हाजीपुर पश्चिम पंचायत, मंडरो प्रखंड के बड़तल्ला पंचायत, बोरियो प्रखंड के बीरबलकांदर पंचायत, राजमहल प्रखंड के दरला, गुनीहारी एवं प्राणपुर पंचायत, पतना प्रखंड के कटहलबाड़ी पंचायत, उधवा प्रखंड के उत्तरी सरफराजगंज, दक्षिणी सरफराजगंज एवं कटहलबाड़ी पंचायत, तथा बड़हरवा प्रखंड के पथरिया एवं जामपुर पंचायत में मिट्टी के नमूने संग्रहित किए गए।

इस दौरान किसानों को मृदा जांच के लाभ तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे अपनी भूमि की मिट्टी का नियमित परीक्षण कराएं ताकि उचित उर्वरक एवं पोषक तत्वों का प्रयोग कर मिट्टी की उर्वरता बनाए रखी जा सके।अभियान में प्रखंड स्तरीय प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (BTM), सहायक तकनीकी प्रबंधक (ATM), संबंधित पंचायतों के कृषक मित्र तथा स्थानीय किसान सक्रिय रूप से शामिल हुए।इस अभियान का उद्देश्य जिले के सभी किसानों को मृदा परीक्षण की प्रक्रिया से जोड़ना और “स्वस्थ मिट्टी – समृद्ध किसान” के लक्ष्य को साकार करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *