
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, नगर परिषद के सफाईकर्मियों एवं एस.टी.पी. (Sewage Treatment Plant) टीम के सहयोग से स्काउट एंड गाइड्स द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ एक स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अंचलाधिकारी साहिबगंज बास्की नाथ टुडू एवं जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी उमेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने एस.टी.पी. परिसर में स्वच्छता कार्य में सक्रिय भागीदारी की। इस अवसर पर उन्हें सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के संचालन की प्रक्रिया,

सीवेज उपचार के विभिन्न चरणों तथा गंगा नदी को स्वच्छ रखने में शुद्ध जल की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि सही सीवेज प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता अभियान के लिए अत्यंत आवश्यक है स्वच्छता अभियान के उपरांत प्रतिभागियों ने डॉल्फिन नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर का भ्रमण किया, जहाँ उन्हें गंगा डॉल्फिन संरक्षण, नदी पारिस्थितिकी, जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन के विषय में जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में सामुदायिक सहभागिता का विशेष महत्व है।इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा नमामि गंगे अभियान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था, ताकि वे समाज में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें।
