25 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, कई दुकानदारों पर जुर्माना,अभियान रहेगा लगातार जारी प्रशासन सख्त।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल (साहिबगंज)।राजमहल नगर पंचायत द्वारा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए शनिवार को एक व्यापक जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। यह अभियान विभागीय निर्देशों के आलोक में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन के आदेशानुसार संचालित किया गया।इस विशेष अभियान का नेतृत्व नगर प्रबंधक जितेश कुमार चौधरी ने किया। उनके साथ अभियान दल में नमन कुमार, राजस्व निरीक्षक सुजीत कुमार यादव सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मी सक्रिय रूप से शामिल रहे।अभियान के दौरान नगर पंचायत की टीम ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों, दुकानों तथा विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया। इस क्रम में प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग की गहन पड़ताल की गई, जिसमें लगभग 25 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई।जांच के दौरान कई दुकानदारों को नियमों की जानकारी देते हुए सख्त चेतावनी दी गई, वहीं नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर कई दुकानदारों पर नियमानुसार जुर्माना भी लगाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नगर पंचायत प्रशासन ने व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे सिंगल यूज़ प्लास्टिक का पूर्णतः बहिष्कार करें तथा इसके स्थान पर पर्यावरण अनुकूल और वैकल्पिक सामग्री का उपयोग करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि आने वाले दिनों में इस प्रकार के जांच एवं प्रवर्तन अभियान और अधिक सख्ती व नियमितता के साथ चलाए जाएंगे, ताकि राजमहल नगर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके।अंत में प्रशासन ने नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण हम सभी की साझा जिम्मेदारी है, और इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *