राशन दुकान, स्वच्छ भारत मिशन एवं ठोस अपशिष्ट केंद्र का भी किया गया निरीक्षण।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज, उपायुक्त हेमंत सती के निर्देश पर शनिवार प्रशासनिक टीम द्वारा विभिन्न स्थलों पर निरीक्षण एवं छापामारी की गई।उपायुक्त ने शोभनपुर भट्टा स्थित संगीता स्वयं सहायता समूह एवं लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित राशन दुकानों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राशन डीलरों से राशन कार्ड डिलीटेशन (Deletion) की स्थिति तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना अंतर्गत उड़ान पोर्टल से मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी ली।इस दौरान उपभोक्ताओं ने बताया कि उज्ज्वला सब्सिडी समय पर प्राप्त नहीं हो रही है, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इसके उपरांत उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत निर्मित व्यक्तिगत शौचालयों एवं ठोस कचरा पृथक्करण केंद्र का निरीक्षण किया।

उन्होंने वहाँ की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।निरीक्षण के क्रम में प्राप्त सूचना के आधार पर उपायुक्त के निर्देशानुसार महादेवगंज स्थित दो जनरल स्टोरों में अवैध गैस सिलेंडर भंडारण के मामले में छापामारी की गई। छापामारी में सैलुद्दीन अंसारी के दुकान से 10 HP गैस सिलेंडर तथा काशिम अंसारी के दुकान से 18 HP गैस सिलेंडर बरामद किए गए।सभी सिलेंडरों को संबंधित थाना द्वारा जप्त कर लिया गया है। उपायुक्त ने इस संबंध में विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।निरीक्षण एवं छापामारी अभियान के दौरान जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

