भाषण प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं इको-फ्रेंडली आयोजन पर लिए गए अहम निर्णय।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल साहिबगंज।77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राजमहल मॉडल कॉलेज में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को सफल, गरिमामय एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने को लेकर एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें गणतंत्र दिवस समारोह को सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 22 जनवरी को महाविद्यालय परिसर में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतियोगिता का विषय “स्वतंत्रता से गणतंत्र की ओर” निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्र छात्राओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना, संविधान के प्रति सम्मान विकसित करना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की गहरी समझ उत्पन्न करना है।वहीं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर महाविद्यालय परिसर में ध्वजारोहण समारोह के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में छात्र छात्राएँ उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे समारोह और अधिक जीवंत, प्रेरणादायक एवं स्मरणीय बनेगा।बैठक में यह भी सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस से जुड़े सभी कार्यक्रम पूर्णतः इको-फ्रेंडली पर्यावरण अनुकूल होंगे। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि रंग-बिरंगे बैलून पर्यावरण, जीव-जंतुओं एवं पक्षियों के लिए हानिकारक होते हैं, इसलिए सजावट एवं आयोजन में इनका प्रयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार रवैया अपनाने की अपील की।इसके साथ ही यह निर्णय भी लिया गया कि गणतंत्र दिवस के दिन सभी छात्र छात्राओं की प्रातः 8:30 बजे तक अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, ताकि कार्यक्रम समयबद्ध, अनुशासित एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।बैठक को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि “गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारे संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।”उन्होंने सभी छात्र–छात्राओं से अनुशासन, उत्साह एवं जिम्मेदारी के साथ कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
