सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़, झारखंड: झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पाकुड़ के तत्वावधान में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ शेष नाथ सिंह की अध्यक्षता में पीएलवी (पैरा लीगल वॉलिंटियर्स) कैपेसिटी बिल्डिंग सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सभागार में संपन्न हुआ, जिसमें न्यायिक अधिकारियों, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के प्रतिनिधियों एवं पीएलवी की सक्रिय भागीदारी रही।कार्यक्रम के दौरान शेष नाथ सिंह ने उपस्थित सभी पैरा लीगल वॉलिंटियर्स को उनके कार्य कौशल को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि पीएलवी को न्यायिक जागरूकता के साथ-साथ ग्रामीण स्तर पर छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना चाहिए — जैसे पीड़ितों के आवेदन तैयार कराना, एफआईआर दर्ज करवाने में सहायता देना तथा कानूनी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुँचाना।सचिव रूपा बंदना किरो ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, नालसा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान कर रहा है। उन्होंने पीएलवी को कानूनी रूप से सशक्त बनने एवं समाज में अपनी भूमिका को और मजबूत करने का आह्वान किया।लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ मो. नुकूमुद्दीन शेख ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना पीएलवी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने मौलिक अधिकारों और कानूनी अधिनियमों पर विस्तृत जानकारी दी।वहीं मोहम्मद अनीस अंसारी, जिला प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर (चाइल्ड प्रोटेक्शन, PCI) ने बताया कि जिले में बाल विवाह, महिला हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने के लिए जागरूकता अभियान चलाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं — सावित्रीबाई फुले योजना, किशोरी शक्ति योजना, स्कॉलरशिप कार्यक्रम आदि — किशोरियों के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही हैं।उन्होंने यह भी अपील की कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए सभी समुदायों के पुरोहित, मौलवी, पंडित, पादरी, टेंट, डी.जे., कैटरर और आयोजक सहयोग करें तथा ऐसे आयोजनों में भागीदारी से बचें। जिला प्रशासन द्वारा भी सभी को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।कार्यक्रम में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक अज़फर हुसैन विश्वास, और बड़ी संख्या में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।
पीएलवीप्रशिक्षण #पाकुड़समाचार #जिलाविधिकसेवाप्राधिकार #बालविवाहरोको #कानूनी_जागरूकता
