श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल साहिबगंज आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से राजमहल थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने की, जबकि बैठक का संचालन राजमहल प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी मो. यूसुफ के नेतृत्व में किया गया।बैठक में राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी सहित विभिन्न पूजा समितियों, सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान सरस्वती पूजा के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांति एवं सौहार्द कायम रखने, स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के सीमित एवं निर्धारित समयानुसार उपयोग तथा आपसी भाईचारे को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती पूजा आस्था, संस्कृति और ज्ञान का पर्व है, जिसे सभी समुदाय आपसी सहयोग, शांति और भाईचारे के साथ मिल-जुलकर मनाएं। उन्होंने आमजनों से अफवाहों पर ध्यान न देने, असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील की।वहीं, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, शांति भंग करने या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।बैठक में युवा संघ हाटपाड़ा, श्री राम ज्योति संघ हाटपाड़ा, सुपरस्टार हाटपाड़ा, शांति संघ, सूर्य देवघाट सहित अन्य पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से उपस्थित लोगों में कार्तिक कुमार साहा, दीपक चंद्रवंशी, मजिबूर शेख, मोहम्मद परवेज आलम, सिंटू यादव, भोलाराम मंडल, विक्की प्रमाणिक, अब्दुल रहमान, चंदा देवी, अनीता बसाक, अजय कुमार चौधरी, दिलावर रहमान, राजकुमार मंडल, आलोक राय तुषार चक्रवर्ती उपस्थित थे।बैठक के अंत में सभी पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न कराने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *