सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार

पाकुड़:-मौंथा चक्रवात से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त मनीष कुमार ने शनिवार को पाकुड़ प्रखंड के बहिरग्राम एवं झिकरहटी पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने खेतों में जाकर धान फसलों की क्षति, जलजमाव की स्थिति और किसानों की समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों के साथ खड़ा है और हर संभव राहत एवं सहायता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि फसल क्षति का आकलन पारदर्शी, वैज्ञानिक और शीघ्रतापूर्वक किया जाएगा।

कृषि विभाग को दिए निर्देश

उपायुक्त ने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सटीक और निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र किसान को मुआवजे या राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

जियो-टैग आधारित रिपोर्टिंग पर जोर

मनीष कुमार ने निर्देश दिया कि प्रत्येक कृषक मित्र अपने-अपने क्षेत्र में फसलों की वास्तविक स्थिति की जियो-टैग फोटो रिपोर्ट तैयार करें। इससे नुकसान का सटीक मूल्यांकन संभव हो सकेगा और राहत वितरण की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहेगी।

बीमा कंपनी से समन्वय का निर्देश

उपायुक्त ने कृषि पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बीमा कंपनियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें ताकि फसल क्षति का त्वरित आकलन और मुआवजा भुगतान शीघ्र सुनिश्चित किया जा सके।

किसानों को मिला भरोसा

निरीक्षण के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने किसानों से संवाद करते हुए कहा —

“किसानों के हित सर्वोपरि हैं। प्रशासन हर कदम पर आपके साथ है। किसी भी पात्र किसान को सहायता से वंचित नहीं रखा जाएगा।”

PakurNews #CycloneMountha #FarmersRelief #ManishKumarDC #AgricultureUpdate

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *