निष्पक्ष, निर्भीक एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने का संकल्प।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल साहिबगंज।राष्ट्रीय मतदान दिवस के अवसर पर गुरुवार को राजमहल थाना परिसर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने किया। इस अवसर पर थाना में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा तथा निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान सुनिश्चित करने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी हसनैन अंसारी ने कहा कि मतदान लोकतंत्र की आत्मा है। यह प्रत्येक नागरिक का न केवल संवैधानिक अधिकार है, बल्कि एक महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान के माध्यम से ही देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाया जा सकता है।उन्होंने पुलिस बल से आह्वान किया कि वे स्वयं मतदान के प्रति पूर्ण रूप से जागरूक रहें और साथ ही आम नागरिकों को भी मतदान के महत्व के प्रति प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें।शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने यह संकल्प लिया कि वे निर्वाचन प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखेंगे, चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करेंगे तथा निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के माध्यम से समाज में मतदाता जागरूकता को और अधिक मजबूत करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की मजबूती की नींव है।
