
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।झारखंड के साहिबगंज जिले के लिए खेल के क्षेत्र में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। सिद्धो-कान्हु स्टेडियम, साहिबगंज में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु एथलीट एमानुएल किस्कू ने 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स प्रतियोगिता (अंडर-17) में शानदार प्रदर्शन करते हुए 110 मीटर हर्डल्स स्पर्धा के फाइनल (अंतिम 08) में प्रवेश कर लिया है।स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के तत्वावधान में 13 से 17 दिसंबर 2025 तक गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में एमानुएल किस्कू ने 110 मीटर हर्डल्स में 14.51 सेकेंड का उत्कृष्ट समय निकालते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।एमानुएल किस्कू, प्रशिक्षक योगेश यादव के नेतृत्व में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वे +2 राजस्थान उच्च विद्यालय, साहिबगंज के छात्र हैं और खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में कठिन परिश्रम एवं अनुशासित अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचे हैं।अब सभी की निगाहें 15 दिसंबर 2025 को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहाँ एमानुएल किस्कू पदक जीतने के लक्ष्य के साथ ट्रैक पर उतरेंगे।एमानुएल किस्कू की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिले में हर्ष का माहौल है।उपायुक्त हेमंत सती, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, आईटीडीए निदेशक संजय कुमार, अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला खेल पदाधिकारी सह जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष सहित जिले के तमाम खेल प्रेमियों ने एमानुएल किस्कू एवं उनके प्रशिक्षक योगेश यादव को फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की ।
