
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के अवसर पर शुक्रवार को साहिबगंज जिले के सभी प्रमुख विद्यालयों एवं कॉलेजों में सड़क सुरक्षा स्कूल जागरूकता अभियान के तहत व्यापक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात व्यवहार को जन-आंदोलन का रूप देना रहा।कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में क्विज प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात संकेतों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व, तथा सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार के बारे में जानकारी दी गई।इसी क्रम में सेंट सेवियर्स स्कूल हिंदी, साहिबगंज में सड़क सुरक्षा स्कूल जागरूकता कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारियाँ दी गईं तथा उन्हें सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। बच्चों को यह हिदायत दी गई कि वे स्कूल आते-जाते समय अपने परिजनों को हेलमेट और सीट बेल्ट पहनने के लिए अवश्य कहें, नशे की हालत में वाहन न चलाने के लिए सचेत करें तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।साथ ही विद्यार्थियों को यह भी समझाया गया कि स्कूल बस, टोटो या ऑटो में यात्रा के दौरान अपने हाथ, पैर या सिर वाहन के बाहर न निकालें और हमेशा सुरक्षा नियमों का पालन करें। वक्ताओं ने कहा कि एक जागरूक एवं जिम्मेदार विद्यार्थी ही सुरक्षित समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव रख सकता है।कार्यक्रम के अंत में आयोजित चित्रकला, क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।इस अवसर पर एम.भी.आई कुमार उत्कर्ष, अभिषेक मुंडा, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, सेंट सेवियर्स स्कूल हिंदी के प्राचार्य इग्नेशियस लकरा, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का संकल्प है।”
