श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के सातवें दिन साहिबगंज जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी के नेतृत्व में जिले के सभी बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, टेंपो टोटो स्टैंड तथा प्रमुख चौक चौराहों पर आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान बस चालकों, कंडक्टरों, टेंपो टोटो चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में सड़क सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु दर को न्यूनतम करना है।इस अवसर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो क्लिप का प्रसारण किया गया। साथ ही आम जनमानस के बीच पम्पलेट, बुकलेट एवं हैंडबिल का वितरण किया गया। जिले भर में सड़क सुरक्षा जागरूकता LED वैन को भ्रमण पर लगाया गया, जो लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देकर उनके पालन के लिए प्रेरित कर रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी वाहन चालक या नागरिक को यातायात नियमों की जानकारी के अभाव में किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने सभी वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया एवं उससे अधिक वाहनों में सीट बेल्ट का प्रयोग, वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन न चलाने तथा सभी यातायात नियमों का पालन करने पर जोर दिया।इस जागरूकता कार्यक्रम में एम.वी.आई. अभिषेक मुंडा एवं कुमार उत्कर्ष, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह, आरपीएफ एसआई रविन्द्र तिवारी, सड़क सुरक्षा योद्धा ओम प्रकाश पंडित उर्फ प्रजापति बाबा, अभिषेक वत्स, कार्तिक कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर एवं आईटी सहायक राजहंस सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन ही सुरक्षित जीवन की कुंजी है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं नियमों का पालन करे तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *