
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।झारखंड सरकार के उद्योग विभाग एवं झारखंड औद्योगिक अवसंरचना विकास निगम (JIIDCO) द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) के प्रदर्शन और प्रतिस्पर्धात्मकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विश्व बैंक समर्थित RAMP (Raising and Accelerating MSME Performance) कार्यक्रम के तहत सोमवार को साहिबगंज में उद्यमिता पंजीकरण सह जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया।शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के MSME उद्यमों को औपचारिक स्वरूप प्रदान करना, उद्यम पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाना तथा उद्यमियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, प्रोत्साहनों और वित्तीय सहायता की जानकारी देना रहा। शिविर के दौरान स्थानीय उद्यमियों में औपचारिक पंजीकरण को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उद्यमियों ने ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराया, जिससे समय की बचत के साथ-साथ जिले में औपचारिक रूप से पंजीकृत MSME इकाइयों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। अधिकारियों द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं इससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई, जिससे उद्यमियों की शंकाओं का समाधान हुआ।शिविर में उद्यम पंजीकरण, वित्तीय सहायता, तकनीकी उन्नयन, विपणन सहयोग, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस (EoDB) सुधारों एवं राज्य सरकार की प्रोत्साहन नीतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। साथ ही उद्यमियों को बताया गया कि औपचारिक पंजीकरण से बैंक ऋण, सब्सिडी एवं अन्य सरकारी लाभ प्राप्त करना आसान हो जाता है।कार्यक्रम में महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र (DIC) रमाकांत चतुर्वेदी, ईस्टर्न चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष, EoDB प्रबंधक, प्रधान लिपिक आलोक रंजन सिंह, जिला उद्यमी समन्वयक, सभी प्रखंडों के उद्यमी समन्वयक एवं मुख्यमंत्री लघु कुटीर उद्योग विकास बोर्ड के समन्वयकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में औपचारिक पंजीकरण कराने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।इस प्रकार के जागरूकता एवं पंजीकरण शिविरों से जिले में उद्यमिता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार सृजन, स्थानीय उत्पादन और आर्थिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। RAMP कार्यक्रम के तहत भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से MSME सेक्टर को सशक्त बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।
