जनहित में फोरलेन सड़क पर उत्पन्न समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज।राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने शुक्रवार को राजमहल एवं उधवा प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में निर्माणाधीन फोरलेन सड़क से उत्पन्न हो रही जनसमस्याओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनएचआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।स्थानीय ग्रामीणों द्वारा फोरलेन निर्माण के कारण एप्रोच रोड की कमी, जल निकासी की समस्या, फुट ओवरब्रिज, पैदल पथ, सड़क पार करने में हो रही कठिनाइयों सहित अन्य जनसमस्याएं विधायक के समक्ष रखी गई थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक एमटी राजा ने राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, उधवा बीडीओ सह अंचल अधिकारी जयंत कुमार तिवारी एवं एनएचआई के पदाधिकारियों के साथ स्थलों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के क्रम में विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने राजमहल प्रखंड के मनसिंहा तथा उधवा प्रखंड के बाबूटोला मोड़, ईदगाह चौक, उधवा चौक एवं पक्षी अभ्यारण पतौड़ा बागपिंजरा मोड़ का दौरा किया। इन सभी स्थानों पर ग्रामीणों ने अपनी-अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।विधायक एमटी राजा ने मौके पर उपस्थित एनएचआई एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ जनसमस्याओं और उनके स्थायी समाधान को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फोरलेन सड़क निर्माण जनहित के लिए है, न कि जनता की परेशानी बढ़ाने के लिए, इसलिए स्थानीय लोगों की समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यक हो वहां एप्रोच रोड, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित पथ एवं फुट ओवरब्रिज का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अय्यूब अली, एखलाकुर रहमान, मुखिया भैया किस्कू, काजू मल्लिक, यासीन शेख, साबिर आलम, आशिक शेख सहित झामुमो के कई कार्यकर्ता एवं दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *