
श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल, साहिबगंज राजमहल पुलिस को नाबालिक अपहरण मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में राजमहल थाना कांड संख्या 386/25, दिनांक 29.10.2025, धारा 96 / 3(5) बी.एन.एस के तहत दर्ज मामले में नामजद आरोपी सुमित मंडल (उम्र 22 वर्ष), पिता उत्तम मंडल, निवासी निरबाध, थाना महेशपुर, जिला पाकुड़ को गुजरात से गिरफ्तार किया गया।पुलिस की तकनीकी टीम को अनुसंधान के क्रम में प्राप्त इनपुट से आरोपी की लोकेशन गुजरात राज्य के जिला बलसाड़ स्थित जीआईडीसी वापी थाना क्षेत्र में मिली। इसके आधार पर एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी को विधिसम्मत तरीके से गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी के साथ-साथ राजमहल पुलिस ने नाबालिक पीड़िता को भी सुरक्षित बरामद कर लिया है। पीड़िता को विधिक प्रक्रिया के अनुसार परिजनों को सुपुर्द करने तथा परामर्श की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।आरोपी सुमित मंडल को बुधवार को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।थाना प्रभारी ने कहा कि नाबालिक से जुड़े अपराधों पर पुलिस की सख्त निगरानी जारी है और ऐसे मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
