सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार

महेशपुर(पाकुड़ ):-पाकुड़ जिले के महेशपुर प्रखंड के खांपुर उच्च विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं से छेड़खानी करने वाले पश्चिम बंगाल के तीन मनचले युवकों को ग्रामीणों ने शनिवार को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने तीनों की जमकर खबर ली और छात्राओं के सामने उठक-बैठक कराते हुए उनसे माफी मंगवाई। साथ ही दोबारा ऐसी हरकत नहीं करने की कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया।

चार दिनों से कर रहे थे छात्राओं का पीछा

ग्रामीणों के अनुसार, मोहबुना, रानीपुर और असकंधा गांव की छात्राओं के साथ ये तीन युवक पिछले चार दिनों से लगातार पीछा और छेड़खानी कर रहे थे। तीनों युवक बाइक संख्या WB45R-9413 से आते थे और विद्यालय खुलने व छुट्टी होने के समय छात्राओं का रास्ता रोकते, गंदे इशारे करते और मोबाइल नंबर मांगते थे।

छात्राओं ने बार-बार की इस हरकत से तंग आकर अपने अभिभावकों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने शनिवार को योजना बनाकर मनचलों को पकड़ने का निश्चय किया।

ग्रामीणों ने दी सजा और चेतावनी

शनिवार को जब तीनों युवक फिर से विद्यालय के पास पहुंचकर छात्राओं से अश्लील हरकतें करने लगे, तभी ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। पकड़ने के बाद ग्रामीणों ने तीनों को छात्राओं के सामने उठक-बैठक कराई और सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा किसी भी छात्रा के साथ इस तरह की हरकत की गई तो पुलिस को सूचना देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी

ग्रामीणों ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। अगर बाहरी लोग गांव या विद्यालय क्षेत्र में इस तरह की हरकत करेंगे तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से भी विद्यालय क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है ताकि छात्राओं को भयमुक्त माहौल मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *