
श्रीकांत दास / विशाल विचार
बोरियो साहिबगंज झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की प्रखंड स्तरीय बैठक रविवार को बोरियो के पुराने प्रखंड कार्यालय परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष दिलीप हांसदा ने की। केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव और केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।राजकुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन की प्राथमिकता पंचायत स्तर तक मजबूती से विस्तार करना है, ताकि मजदूर वर्ग की आवाज़ सरकार तक प्रभावी रूप में पहुँच सके। उन्होंने मजदूरों के हितों की रक्षा और न्यूनतम मजदूरी निर्धारण के लिए संघ के संघर्ष पर भी प्रकाश डाला।बैठक में विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 5 नवंबर 2025 को प्रखंड कार्यालय के समक्ष श्रमिक समस्याओं और न्यूनतम मजदूरी समिति गठन की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर अभिजीत रक्षित, गोपाल दास, चार्ल्स मुर्मू, श्रीकांत मुर्मू सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और परिसर श्रमिक एकता के नारों से गूंज उठा।
