सड़क सुरक्षा सुदृढ़ करने व त्वरित डाटा प्रबंधन पर प्रशासन का जोर।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों के त्वरित, सटीक एवं समयबद्ध ऑनलाइन प्रबंधन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, साहिबगंज में iRAD (Integrated Road Accident Database) एवं eDAR से संबंधित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने की।बैठक में सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े डाटा के संकलन, सत्यापन एवं ऑनलाइन एंट्री की प्रक्रिया की गहन समीक्षा की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा मोटरयान निरीक्षक (MVI) द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले सभी सड़क दुर्घटना संबंधी आंकड़े iRAD/eDAR पोर्टल पर बिना किसी विलंब के सही ढंग से दर्ज किए जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर डाटा लंबित रहना स्वीकार्य नहीं होगा, क्योंकि इससे दुर्घटनाओं के विश्लेषण एवं त्वरित कार्रवाई में बाधा उत्पन्न होती है।बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सूचनाएं पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके और भविष्य में प्रभावी रोकथाम के उपाय सुनिश्चित किए जा सकें।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस प्रशिक्षण में iRAD/eDAR पोर्टल के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनी एवं व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।प्रशिक्षण के प्रमुख विषयों में शामिल होंगे एल्कोहल ब्रेथ एनालाइजर मशीन के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच की प्रक्रिया हिट एंड रन (Hit and Run) मामलों के प्रभावी प्रबंधन से संबंधित दिशा-निर्देश गुड समैरिटन (नेक नागरिक) से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी, ताकि दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो बैठक में मोटरयान निरीक्षक अभिषेक मुंडा कुमार उत्कर्ष, iRAD मैनेजर मनोज कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक अनुज पराशर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, त्वरित व सटीक डाटा प्रबंधन तथा सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में प्रभावी और ठोस कदम उठाए जाएंगे।प्रशासन का मानना है कि iRAD/eDAR प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी, बल्कि दुर्घटना पीड़ितों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।
