निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल एवं एन०आर०ई०पी० अंतर्गत संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने पूर्व बैठक में निदेशक द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में अब तक हुई प्रगति की गहन समीक्षा की।समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता में समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।बैठक में कसवा पंचायत में महर्षि वेदव्यास सामुदायिक भवन निर्माण, कारगिल दियारा में सामुदायिक भवन निर्माण, महादेववरण शिव मंदिर (नया पंचायत भवन) से पंकज गुप्ता के घर तक पी०सी०सी० सड़क निर्माण (पार्ट–1) एवं महादेववरण शिव मंदिर (लालु गुप्ता के घर) से पंकज गुप्ता के घर तक पी०सी०सी० सड़क निर्माण (पार्ट–2) की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।उपायुक्त ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024–25 की योजनाएँ ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना के विकास एवं रोजगार सृजन से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हैं। इन योजनाओं का समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि आमजन को इसका अधिकतम लाभ मिल सके।इसके अतिरिक्त डीएमएफटी योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025–26 की स्वीकृत योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इनमें साहिबगंज स्थित वन स्टॉप सेंटर में चहारदिवारी एवं पहुँच पथ निर्माण, साहिबगंज महाविद्यालय में आरओ वॉटर प्लांट की स्थापना, मंडरो प्रखंड के झरना टोला स्थित मॉडल विद्यालय एवं पहाड़पुर में पेयजलापूर्ति योजना का निर्माण शामिल है।साथ ही बरहेट प्रखंड अंतर्गत पंचायत बरहेट संथाली में दीनबंधु होटल से संथाली होते हुए नीचे टोला आंगनबाड़ी केंद्र तक पी०सी०सी० सड़क निर्माण, मंडरो प्रखंड के दामिनभिट्टा पंचायत अंतर्गत ग्राम बेतौना में सौर ऊर्जा आधारित जलापूर्ति योजना, मंडरो प्रखंड अंतर्गत ग्राम सिरसा पंचायत बच्चा में ग्रामीण सड़क से सिरसा अस्पताल तक पी०सी०सी० सड़क निर्माण तथा साहिबगंज जिला अंतर्गत पुलिस लाइन स्थित विवाह मंडप के रंग-रोगन एवं मरम्मत कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई।उपायुक्त ने सभी कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष बल दिया।बैठक में कार्यपालक अभियंता एन०आर०ई०पी० देवीलाल, सहायक अभियंता दिवाकर मिश्रा सहित अन्य कनिष्ठ अभियंता एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
