जनहित योजनाओं में गुणवत्ता व पारदर्शिता पर दिया गया विशेष जोर।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल (साहिबगंज)।राजमहल प्रखंड सभागार में मंगलवार को पंचायत समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी उरांव ने की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विभागीय कार्यों एवं जनकल्याणकारी विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना था।बैठक के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विभागों से संबंधित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों द्वारा योजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी गई, वहीं पंचायत समिति सदस्यों ने जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं, विलंब और कमियों को प्रमुखता से उठाया।पंचायत समिति सदस्यों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। विशेष रूप से मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में पात्र लाभुकों को समय पर लाभ देने की मांग की गई।बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी उरांव ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़ी प्रत्येक योजना का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुँचे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पंचायत समिति जनहित से जुड़े मुद्दों पर निरंतर निगरानी रखेगी।बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. युसुफ, पंचायत समिति सदस्य सूर्य नारायण चौधरी, अभिजीत कुमार, गगन बापू सहित सभी पंचायत समिति सदस्य एवं विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि जनकल्याणकारी योजनाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी बनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *