
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सोमवार को अनुमंडल कार्यालय, साहिबगंज के सभागार में मतदाता सूची शुद्धिकरण एवं मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (Rationalization of Polling Stations) से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक–सह–प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।बैठक की अध्यक्षता निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी–2, बोरियो (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र सह अनुमंडल पदाधिकारी, साहिबगंज ने की। बैठक के दौरान मतदान केंद्रों के युक्तिकरण, मतदाता सूची शुद्धिकरण तथा मैपिंग से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।इस अवसर पर पूर्व में प्रेषित मतदान केंद्र युक्तिकरण से संबंधित सभी प्रस्तावों की पुनः गहन जांच करते हुए त्रुटिरहित एवं भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मैपिंग कार्यों की गुणवत्ता में सुधार तथा बीएलओ (BLO) द्वारा किए जा रहे कार्यों के सत्यापन पर विशेष बल दिया गया।प्रशिक्षण के दौरान निम्नलिखित बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (Rationalization of Polling Stations)ER-2003 का वर्तमान मतदाता सूची से मैपिंग ASD (Absent, Shifted, Dead) सूची की तैयारी SIR रोल में नाम की खोज एवं सत्यापन पूर्व में मैप किए गए मतदाताओं का पुनः सत्यापन श्रेणी A, C एवं D सूचियों की स्थिति की समीक्षा कार्यक्रम में सभी नोडल सहायक पदाधिकारी, बीएलओ पर्यवेक्षक, बीएलओ एवं संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे। उन्हें निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध, सटीक एवं पारदर्शी ढंग से निष्पादित करने हेतु आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया गया कि निर्वाचन संबंधी सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता एवं आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या त्रुटि पाए जाने पर त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई करने पर बल दिया गया।इसके अतिरिक्त, बैठक में अनुपस्थित रहे बीएलओ, पर्यवेक्षक एवं कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्णय लिया गया।यह बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, जिससे मतदाता सूची की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ मतदान केंद्रों के प्रभावी प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी।
