विधायक एमटी राजा ने किया ध्वजारोहण, संविधान की रक्षा का लिया संकल्प।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
राजमहल साहिबगंज।देश के 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर राजमहल में देशभक्ति और उत्साह का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। राजमहल के लोकप्रिय विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कासिम बाजार स्थित अपने आवासीय कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित जनसमूह ने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति अटूट निष्ठा व्यक्त की।इस अवसर पर विधायक एमटी राजा ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाने वाला ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब समाज में आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और कानून के प्रति सम्मान बना रहे।विधायक ने सभी नागरिकों से संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने तथा राष्ट्रहित में सदैव सजग और सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता और संवैधानिक व्यवस्था में निहित है।कार्यक्रम में प्रशासनिक, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी, विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी तथा अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू उपस्थित रहे।इसके अतिरिक्त प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान, नगर अध्यक्ष मो. आज़ाद, केताबुद्दीन शेख, घीसु शेख, विजय यादव, अजय दास, विकास यादव, मुर्शीद राजा, अब्दुल कादिर, बबलू शेख, सुदर्शन पासवान, मो. अफ़जल, मो. कुद्दुस, खुर्शीद नाज़री, मो. मकसूद, परवेज आलम, मो. वदूद, बरकत शेख, मो. सत्तार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की प्रगति, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
