श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज। झारखंड के मुख्यमंत्री ने शनिवार डिजिटल माध्यम से भगवान बिरसा मुंडा गंगा घाट निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। प्रस्तावित घाट का निर्माण गंगा रिवर थाना के पश्चिमी दिशा में किया जाएगा, जिसका उद्देश्य स्थानीय समुदाय को सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए एक समर्पित और सुव्यवस्थित स्थल उपलब्ध कराना है।भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती तथा झारखंड राज्य के 25वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इस घाट का नामकरण किया गया है, जिससे यह परियोजना राज्य की सांस्कृतिक विरासत और रजत जयंती उत्सव—दोनों से विशेष रूप से जुड़ती है।नमामि गंगे परियोजना के तहत हाल ही में आयोजित समीक्षा बैठक में उपलब्ध भूमि, स्थानीय आवश्यकताओं और रिवरफ्रंट विकास की योजना पर विस्तृत चर्चा के बाद शिलान्यास की तिथि तय की गई। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 99.245 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

स्थानी‍क स्तर पर, जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने स्थल पर विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, अन्य प्रशासनिक अधिकारी, तकनीकी पदाधिकारी एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित थे।राज्य स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर 8 नवंबर से चलाए गए डॉल्फिन संरक्षण-सह-वृहद गंगा स्वच्छता अभियान का समापन भी इसी कार्यक्रम के साथ हुआ। इस सप्ताहभर के अभियान के दौरान चयनित घाटों पर विशेष सफाई अभियान, जागरूकता रैलियाँ और जन-संवाद आयोजित किए गए। लोगों को संदेश दिया गया कि गंगा घाट केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सामुदायिक धरोहर हैं—जिनकी स्वच्छता, संरक्षण और संवर्धन प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *