झारखंड राज्य स्थापना दिवस (रजत पर्व) तथा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर विशेष कार्यक्रम।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25वें वर्ष (रजत पर्व) एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर आज साहिबगंज जिले में महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। जिला दंडाधिकारी–सह–उपायुक्त हेमंत सती तथा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से सिद्धो–कान्हो स्टेडियम में गैलरी विस्तारीकरण योजना की आधारशिला रखी।उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि गैलरी विस्तारीकरण से जिले में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से स्थानीय प्रतिभाओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।इसी क्रम में अधिकारियों ने पुलिस आवास कॉलोनी तथा क्राफ्ट शॉप योजना का भी विधिवत उद्घाटन किया।पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने पुलिस आवास कॉलोनी को पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनके कार्य–परिसर में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।क्राफ्ट शॉप के उद्घाटन के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, कारीगरों और महिलाओं के स्व–रोजगार को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और जिले में रोजगार सृजन के नए अवसर बनेंगे।आज का यह कार्यक्रम विकास, खेल, सुरक्षा तथा स्थानीय रोजगार को गति देने की दृष्टि से साहिबगंज जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
