श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज आगामी नगर पालिका आम निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी निर्वाची पदाधिकारी (RO) एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी (ARO) को विस्तृत एवं गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण की तकनीकी, कानूनी एवं व्यवहारिक जानकारी से सुसज्जित करना रहा।प्रशिक्षण सत्र के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया के सभी महत्वपूर्ण चरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें नामांकन प्रक्रिया, नामांकन पत्रों की जांच, अभ्यर्थिता वापसी, चुनाव चिह्न आवंटन, आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन, मतदान से पूर्व की तैयारियाँ, मतदान दिवस की संपूर्ण कार्यवाही, मतगणना प्रक्रिया तथा परिणाम घोषणा से संबंधित सभी आवश्यक प्रावधानों की स्पष्ट एवं क्रमबद्ध जानकारी दी गई।इसके अतिरिक्त, बैलेट बॉक्स के सुचारु उपयोग, चुनाव व्यय लेखा-जोखा, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, कानून-व्यवस्था संधारण, शिकायत निवारण तंत्र तथा सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे चुनाव आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।प्रशिक्षण सत्र के दौरान अधिकारियों द्वारा उठाए गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान किया गया तथा पूर्व अनुभवों को साझा करते हुए संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इस अवसर पर यह भी स्पष्ट किया गया कि लोकतंत्र की मजबूती एवं मतदाताओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए सभी पदाधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में नगर परिषद साहिबगंज, नगर पंचायत राजमहल एवं नगर पंचायत बरहरवा के सभी निर्वाची एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी उपस्थित रहे। उक्त प्रशिक्षण से आगामी नगर पालिका चुनाव को सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने की दिशा में प्रशासनिक तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *