
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा) के निर्देशानुसार तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की राष्ट्रव्यापी पहल “Protect Today, Secure Tomorrow (प्रोटेक्ट टुडे, सिक्योर टुमारो)” के अंतर्गत साहिबगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों में पर्यावरण कानूनी साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण को लेकर व्यापक जन जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया।यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों एवं उपलब्ध सहायता तंत्रों के प्रति जागरूक करना रहा।इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि इन जागरूकता शिविरों का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को लेकर कानूनी समझ विकसित करना, सरल एवं किफायती निवारक उपायों को बढ़ावा देना तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को उनके अधिकारों एवं शिकायत निवारण की प्रक्रिया से अवगत कराना है।शिविरों के दौरान लीगल एड डिफेन्स काउंसिल एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा प्रतिभागियों को बढ़ते प्रदूषण स्तर से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी दी गई। साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) को समझने, प्रदूषण से बचाव के उपायों, कम लागत वाले सुरक्षात्मक साधनों जैसे पुनः प्रयोज्य कपड़े के मास्क के उपयोग, अत्यधिक प्रदूषण के समय बाहरी गतिविधियों से परहेज तथा घरों के भीतर सुरक्षित वातावरण बनाए रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। लोगों को यह भी बताया गया कि पर्यावरण से जुड़े मामलों में वे किस प्रकार विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं और किस मंच पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज द्वारा यह स्पष्ट किया गया कि भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी एवं जागरूकता आधारित कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज के हर वर्ग तक पर्यावरण संरक्षण और कानूनी अधिकारों की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंचाई जा सके।
