श्रीकांत दास / विशाल विचार

राजमहल, साहिबगंज।राजमहल प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी मो० यूसुफ की अध्यक्षता में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ एक महत्वपूर्ण निर्वाचन संबंधी समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी निर्वाचन को ध्यान में रखते हुए मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन कार्यों की गहन समीक्षा करना था।बैठक के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। उन्होंने सभी BLO को निर्देश दिया कि मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि को गंभीरता से लेते हुए उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें।उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यदि नई मतदाता सूची में किसी मतदाता की फोटो धुंधली, आयामहीन, ब्लैक एंड व्हाइट अथवा अस्पष्ट पाई जाती है, तो संबंधित BLO तत्काल उस मतदाता से संपर्क कर फॉर्म-8 के माध्यम से सुधार की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम, पिता/पति का नाम, पता अथवा अन्य व्यक्तिगत विवरणों में यदि किसी भी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर सुधारने का निर्देश दिया गया, ताकि भविष्य में मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में यह भी कहा गया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक BLO को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी सजगता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। मतदाता सूची जितनी सटीक होगी, लोकतांत्रिक प्रक्रिया उतनी ही सुदृढ़ होगी।इस अवसर पर राजमहल प्रखंड के सभी बूथ लेवल ऑफिसर उपस्थित रहे। बैठक के दौरान उन्हें निर्वाचन से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *