सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़ :-भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर डीपीएस पाकुड़ में बाल दिवस का उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर में सीबीएसई के दिशानिर्देशों के अनुरूप नर्सरी से पाँचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए बैगलेस डे आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को अध्ययन के बोझ से मुक्त कर विभिन्न मनोरंजक व ज्ञानवर्धक गतिविधियों के माध्यम से अनुभव आधारित शिक्षा प्रदान करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए शिक्षकों और छात्रों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा के दौरान पंडित नेहरू के जीवन, उनके विचारों और बच्चों के प्रति उनके स्नेह के बारे में जानकारी साझा की गई। बच्चों के विशेष अनुरोध पर शिक्षकों द्वारा गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसे बच्चों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।प्राथमिक वर्ग के विद्यार्थियों ने भाषण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया और पंडित नेहरू के व्यक्तित्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए। दूसरी ओर, बच्चों को पंडित नेहरू के जीवन पर आधारित वृत्तचित्र दिखाया गया, जिससे उन्हें उनके योगदान और भारत के विकास में उनकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी मिली।दिनभर विद्यालय परिसर विभिन्न गतिविधियों से गूंजता रहा, जिनमें नृत्य, खेलकूद, नाटक, भाषण, तथा शिक्षाप्रद फिल्मों के प्रदर्शन शामिल थे। इन सबके बीच बच्चों का उल्लास देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अरुणेंद्र कुमार ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा, “बाल दिवस हमें बच्चों के महत्व को समझने का अवसर देता है। वे हमारे देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा व शिक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य जे.के. शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “आप हमारे देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं। अपने सपनों को पूरा करने के लिए कठिन परिश्रम करें, चुनौतियों का डटकर सामना करें और कभी हार न मानें।”डीपीएस पाकुड़ में आयोजित इस बाल दिवस समारोह में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा बच्चों को प्रोत्साहित किया। पूरे दिन का वातावरण उत्साह, ऊर्जा और आनंद से भरा हुआ था, जिसने इस उत्सव को यादगार बना दिया।
