
श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज। उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में समाज कल्याण एवं कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय प्रगति, लक्ष्य पूर्ति तथा सेवा वितरण की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया गया।उपायुक्त हेमंत सती ने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी केंद्रों का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर विभाग को हैंडओवर करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका की लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, पोषण ट्रैकर ऐप, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, कन्यादान योजना तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में सेवा वितरण से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी विस्तार से समीक्षा की।

कल्याण विभाग की समीक्षा के क्रम में मैट्रिक एवं प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति, साइकिल वितरण, अत्याचार अनुदान, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना, बिरसा मुंडा आवास, जाहेरस्थान एवं कब्रिस्तान घेराबंदी, धुमकुड़िया हाउस, मांझी थान, शहीद ग्राम विकास योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, MPC एवं PMAGGY जैसी योजनाओं की प्रगति पर भी विस्तृत चर्चा की गई।उपायुक्त हेमंत सती ने सभी योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, कार्यपालक अभियंता प्रमोद आनंद, बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा महिला पर्यवेक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
