एक ही भवन में सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश।

श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज।जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त हेमंत सती ने मंगलवार को सदर अस्पताल, साहिबगंज परिसर में निर्माणाधीन डायग्नोस्टिक सेंटर भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त हेमंत सती ने स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।उपायुक्त हेमंत सती ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे एवं अल्ट्रासाउंड जैसी अत्याधुनिक जांच सुविधाओं को एक ही भवन में समायोजित किया जाए, ताकि आम मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और उन्हें बेहतर सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त हेमंत सती ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, भवन की संरचनात्मक मजबूती तथा समयबद्ध पूर्णता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा जांच सुविधाओं का एकीकृत संचालन होने से न केवल मरीजों को सुविधा मिलेगी, बल्कि सदर अस्पताल की कार्यक्षमता एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।इसके पश्चात उपायुक्त हेमंत सती द्वारा सदर अस्पताल परिसर में सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने वर्षा जल निकासी रेन वाटर ड्रेनेज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बिजली के तारों की सुरक्षित शिफ्टिंग एवं प्रबंधन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के समय सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, कार्यपालक अभियंता विद्युत विभाग शंभूनाथ चौधरी, एनआरईपी के सहायक अभियंता दिवाकर मिश्रा, भवन प्रमंडल के सहायक अभियंता मो. फारूक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं तकनीकी कर्मी उपस्थित थे।उपायुक्त हेमंत सती ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि सदर अस्पताल जिले की प्रमुख स्वास्थ्य इकाई है, अतः यहां उपलब्ध सुविधाओं का स्तर उच्च एवं जनहितकारी होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *