नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई स्थगित, शिक्षक विद्यालयों में रहेंगे उपस्थित।

श्रीकांत दास / विशाल विचार
साहिबगंज।जिले में लगातार बढ़ती ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत साहिबगंज जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है।प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इन तीन दिनों तक किसी भी विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति नहीं होगी, ताकि ठंड के कारण उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। हालांकि, विद्यालयों के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा और वे अपने नियमित प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन करेंगे।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय मौसम की गंभीरता और बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एहतियातन लिया गया है। शीतलहर के कारण विशेषकर छोटे बच्चों और किशोरों के बीमार पड़ने की आशंका बनी हुई है।अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियाँ बरतें तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें। वहीं, मौसम की स्थिति में सुधार होने पर आगे की सूचना पृथक से जारी की जाएगी।प्रशासन की इस पहल से जिलेभर के अभिभावकों ने राहत की सांस ली है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदम की सराहना की है।
