श्रीकांत दास / विशाल विचार

साहिबगंज,गंगा उत्सव के अवसर पर जिला प्रशासन साहिबगंज के तत्वावधान में गंगा तटों पर स्वच्छता अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस क्रम में बिजली घाट एवं मुक्तेश्वर घाट की सफाई की गई तथा स्थानीय लोगों को गंगा की स्वच्छता, संरक्षण एवं जल-जैव विविधता की रक्षा के प्रति जागरूक किया गया।जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी गंगा उत्सव के तहत विविध सांस्कृतिक और बौद्धिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनमें चित्रांकन, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने “गंगा हमारी धरोहर”, “गंगा में प्रदूषण की समस्या” तथा “गंगा संरक्षण में युवा पीढ़ी की भूमिका” जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।कार्यक्रम के दौरान बच्चों को अपशिष्ट प्रबंधन, पुनः उपयोग (री-यूज़) की व्यवस्था, गंगा डॉल्फिन तथा अन्य जलीय जीवों के संरक्षण के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। प्रतिभागी छात्रों में उत्साह एवं पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता स्पष्ट रूप से झलकी।शाम के समय मुक्तेश्वर घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक शामिल हुए।गंगा उत्सव के आयोजन का उद्देश्य आमजन को गंगा नदी की स्वच्छता, संरक्षण और जैव-विविधता की रक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा।इस अवसर पर अपर समाहर्ता गौतम भगत, जिला योजना पदाधिकारी अनुप कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, अंचलाधिकारी बासुकीनाथ डुढू, नगर प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह, नमामि गंगे डीपीएम अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *