छठ महापर्व की आस्था में डूबा पाकुड़, व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया
सुमन कुमार दत्ता /विशाल विचार
पाकुड़:-आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का चार दिवसीय छठ महापर्व पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ पाकुड़ में मनाया जा रहा है। सोमवार को महापर्व के तीसरे दिन बड़ी संख्या में छठ व्रति शहर के विभिन्न तालाबों और जलाशयों के तटों पर पहुंचे और अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।इस दौरान पाकुड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता हिसाबी राय ने भी अपने परिवार के साथ बागतीपाड़ा स्थित मनसा मंदिर तालाब में पहुंचकर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। पूरे घाट परिसर में “छठी मइया” की जयकारों और बिहार कोकिला स्वर्गीय शारदा सिन्हा के पारंपरिक गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बन गया। आसपास के मोहल्ले और सड़कों पर छठ पर्व की छटा देखते ही बन रही थी।शहर के विभिन्न छठ घाटों, जैसे कि मनसा मंदिर तालाब, साधू पोखर, टिन बंगला पोखर ,काली भाषान पोखर ,कल पोखर एवं शिव शीतला मंदिर पोखर पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों व्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।पहले अर्घ्य के अवसर पर व्रतियों ने घाटों पर पहुंचकर दंडवत प्रणाम किया और सूर्य भास्कर की उपासना में लीन हो गए। पूरा शहर भक्ति, संगीत और आस्था की रोशनी में नहाया हुआ नजर आया।मंगलवार की सुबह व्रति उदयीमान सूर्य को अर्घ्य देंगे, जिसके साथ ही इस पावन महापर्व का विधिवत समापन होगा।
